श्रीगंगानगर , अप्रैल 10 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुलिस ने लगभग एक वर्ष पहले शहर में व्यापारियों को धमकी भरे मैसेज देकर करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में एक इनामी वांछित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने आज देर शाम बताया कि पिछले वर्ष 25 मार्च को जवाहरनगर थाना में दर्ज किए गए फिरौती एवं धमकी संबंधी प्रकरण में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी नमन (20) निवासी वार्ड नंबर 2 मकान नंबर 119 कनीना, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) को गेट नंबर 4 गोमती पीजी एसजीटी यूनिवर्सिटी बुढेढा,गुरुग्राम (हरियाणा) से गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए सदर थाना में हवलदार सत्यनारायण कूकणा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष मार्च महीने में श्रीगंगानगर में वृंदावन कॉलोनी निवासी एक एडवोकेट और उसके पिता को दो करोड़, मीरा चौक में एक प्रॉपर्टी कारोबारी को चार करोड़ तथा उद्योग विहार में एक शिक्षण संस्था के संचालक से करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।

कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड की ओर से धमकी भरे वॉयस मैसेज इनको व्हाट्सएप पर भेजे गए थे। बताया गया था कि यह वॉइस मैसेज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाए गए थे। पुलिस नमन से पूछताछ कर रही है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन बदमाश शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित