देहरादून , मार्च 19 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में शहरी विकास, पेयजल एवं लोक निर्माण विभाग के विभिन्न प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान की गयी।
मुख्य सचिव ने शहरी विकास विभाग की नीलकंठ महादेव (पौड़ी गढ़वाल) एवं रामनगर (नैनीताल) में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण कार्य को मंजूरी प्रदान करते हुए पार्किंग निर्माण गाइडलाइंस का अनुपालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नीलकंठ महादेव मल्टीस्टोरी पार्किंग (कुल लागत 5183.65 लाख रुपये) एवं रामनगर, नैनीताल मल्टीस्टोरी पार्किंग (कुल लागत 3857.64 लाख रुपये) में प्रवेश एवं निकासी के लिए टर्निंग रेडियस सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का विशेष ख्याल रखे जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नीलकंठ महादेव में पार्किंग भूमि का जियो टेक्निकल सर्वे भी अनिवार्य रूप से कराए जाने की बात भी कही।
श्री बर्द्धन ने पेयजल विभाग के कुल चार प्रस्तावों (तीन पेयजल परियोजनाओं - पीपलकोटी नगर पंचायत पेयजल योजना कुल लागत 2438.32 लाख रुपये, तिलवाड़ा नगर पंचायत पेयजल योजना कुल लागत 3986.24 लाख एवं ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना कुल लागत 2578.52 लाख रुपये) एवं लालकुआं नगर पंचायत सीवरलाइन परियोजना (कुल लागत 37.95 लाख रुपये) को भी संस्तुति प्रदान की। उन्होंने ग्रेविटी आधारित पेयजल परियोजनाओं में मीटर लगाए जाने के भी निर्देश दिए।
व्यय समिति द्वारा लोक निर्माण विभाग की काठगोदाम बाईपास मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत 3.500 किलोमीटर मार्ग एवं इसमें 75 मीटर स्पान का सेतु निर्माण (कुल लागत 1177.93 लाख रुपये) को भी मंजूरी प्रदान की गई।
इस अवसर पर सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, दिलीप जावलकर एवं रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित