जयपुर , अक्टूबर 05 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वोट चोरी तो गहलोत सरकार ने की थी, जो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के हाथी तक को डकार गये।

श्री राठौड़ ने सोमवार को प्रेसवार्ता में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग लोकतंत्र का अपमान करते हैं, जबकि भाजपा सदैव लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करती है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष में चल रही अंदरूनी खींचतान जलेबी रेस की तरह हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकराम जूली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के मध्य पिछले लंबे समय से जलेबी रेस चल रही है। कांग्रेस में नेता अपनी अपनी ढपली बजा रहे है।

उन्होंने श्री डोटासरा द्वारा पंचायत चुनाव में दिखाए जा रहे आत्मविश्वास को झेप मिटाने वाला बताते हुए कहा कि अगर डोटासरा जनादेश स्वीकार कर लेते हैं तो उनकी दुकान आज ही खाली हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नेतृत्व विहीन कांग्रेसआज एकमुखी नजर नहीं आ रही है। श्री डोटासरा अगर्नल बयानबाजी कर रहे है, अगर भाजपा द्वारा सत्ता का दुरुपयोगकिया जाता तो कांग्रेस निकाय चुनाव में लक्ष्मणगढ़ की सीट एक वोट से जीत नहीं पाती।

उन्होंने कहा कि वोट चोरी तो गहलोत सरकार ने की थी, बसपा के हाथी तक को डकार गए थे।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था और बसपा के छह विधायकों के समर्थन पर गहलोत सरकार बनी और इसके बाद वर्ष 2018 के चुनावों में भी बसपा के छह विधायकों ने गहलोत सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया। बसपा के ये विधायक कांग्रेस में शामिल हो गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित