चंडीगढ़ , अक्टूबर 11 -- चंडीगढ़ कांग्रेस ने वोट चोरी के आरोपों और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर सेक्टर-29 मौलीजागरां और सेक्टर-56 में विरोध मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि जब तक चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का समाधान नहीं होता और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में एआईसीसी सचिव विदित चौधरी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजदीप सिद्धू, सुरजीत ढिल्लों, दलजीत सिंह, जसबीर बंटी और कॉलोनी सेल अध्यक्ष मुकेश राय सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्लेकार्ड लेकर नारेबाजी की और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की।
श्री लक्की ने आरोप लगाया कि विपक्ष की चिंताओं का जवाब देने के बजाय केंद्र सरकार चुनाव आयोग का बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने बताया कि सोमवार को दिल्ली में होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन में चंडीगढ़ के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित