चंडीगढ़ , सितंबर 26 -- हरियाणा कांग्रेस की ओर से संगठन को ब्लॉक से बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए शनिवार को गन्नौर और भिवानी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलन आयोजित किए गए। इनमें कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाता सूचियों में बदलाव और कथित 'वोट चोरी' को लेकर सवाल उठाए।
सम्मेलनों में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर कांग्रेस के उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कथित चुनावी अनियमितताओं का असर मतदाताओं के अधिकार और लोकतंत्र पर पड़ता है। श्री दत्त ने कहा कि यदि हरियाणा में सत्ता गठन को लेकर 'वोट चोरी' के आरोप सामने आ रहे हैं तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जवाब देने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर संदेह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए चुनावी फैसलों और मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की स्वतंत्र जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि आरोप सही पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित