भिवानी , अक्टूबर 05 -- हरियाणा के भिवानी मे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक बुवानीवाला ने मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण बुनियाद है।
उन्होंने सोमवार को कहा कि अगर किसी मतदाता के मन में अपने वोट की सुरक्षा और उसके सही तरीके से दर्ज होने को लेकर संदेह पैदा होता है तो यह केवल किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं रह जाता बल्कि चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा सवाल बन जाता है। श्री बुवानीवाला ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट का अपना महत्व है।
ऐसे में मतदाता सूची में किसी वास्तविक मतदाता का नाम हटने, गलत तरीके से नाम जुडऩे, एक ही व्यक्ति के नाम की एक से अधिक प्रविष्टियां होने अथवा पात्र मतदाता का नाम सूची से गायब होने जैसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना जरूरी है ताकि मतदाताओं के बीच किसी प्रकार का भ्रम या अविश्वास न रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूचियों की शुद्धता का मुद्दा उठाती रही है। हाल के समय में पार्टी की ओर से कथित 'वोट चोरी' और मतदाता सूची से संबंधित मुद्दों को लेकर विभिन्न स्तरों पर सवाल उठाए गए हैं। बुवानीवाला ने कहा कि इन आरोपों पर राजनीतिक बहस के साथ-साथ संबंधित संवैधानिक संस्थाओं और निर्वाचन अधिकारियों को तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। बुवानीवाला ने कहा कि वोट किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित