होबार्ट , फरवरी 27 -- गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद जॉर्जिया वॉल (नाबाद 101) और फीबी लिचफील्ड (88) की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने शुक्रवार को भारत को 83 गेंदे शेष रहते पांच विकेट से शिकस्त दी। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।
भारत के 251 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को काश्वी गौतम ने पांचवें ओवर में एलिसा हीली (नौ) को बोल्ड कर पहला विकेट झटका। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी जॉर्जिया वॉल ने फीबी लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिये 119 रन जोड़कर अपनी टीम के लिये जीत की नींव रखी। 20वें ओवर में क्रांति गौड़ ने शतक की ओर बढ़ रही फीबी लिचफील्ड को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। फीबी लिचफील्ड ने 62 गेंदों में 11 चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 88 रन बनाये। 31वें ओवर में काश्वी गौतम ने शतक बना चुकी जॉर्जिया वॉल को श्री चरणी के हाथों कैच आउट करा दिया। जॉर्जिया वॉल ने 82 गेंदों में 13 चौके और एक छक्का लगाते हुए 101 रनों की पारी खेली। बेथ मूनी (31) को दीप्ति शर्मा ने आउट किया। पांचवें विकेट के रूप में ऐनाबेल सदरलैंड (10) को दीप्ति शर्मा ने आउट किया। ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने 36.1 ओवर में पांच विकेट पर 252 बनाकर मुकाबला पांच विकेट से जीत लिया।
भारत के लिए दीप्ति शर्मा और काश्वी गौतम ने दो-दो विकेट लिये। क्रांति गौड़ ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले प्रतिका रावल (52) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (54) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारतीय महिला टीम ने दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में नौ विकेट पर 251 रन का स्कोर बनाया था।
आज यहां टॉस जीतकर भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 78 रन जोड़े। 17वें ओवर में एश्ले गार्डनर ने स्मृति मंधाना (31) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसे बाद बल्लेबाजी करने आयी जेमिमा रॉड्रिग्स (11) का 22वें ओवर में ऐनाबेल सदरलैंड ने शिकार कर लिया।
अगले ही ओवर में अच्छी बल्लेबाजी कर रही प्रतिका रावल रनआउट हो गई। प्रतिका रावल ने 81 गेंदों में छह चौके लगाते हुए 52 रनों की पारी खेली। दीप्ति शर्मा (एक), अमनजोत कौर (13), ऋचा घोष (22), काश्वी गौतम (25) रन बनाकर आउट हुई। पारी के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर मेगन शट ने हरमनप्रीत कौर को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को नौवीं सफलता दिलाई। हरमनप्रीत कौर ने 70 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 54 रनों की पारी खेली। भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 251 रन का स्कोर बनाया। वैष्णवी शर्मा 10 रन बनाकर नाबाद रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित