नोएडा , अक्टूबर 09 -- वॉलीबॉल चैंपियंस लीग में एम्पीरिया मराठाज का शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए राजस्थान स्पाइकर्स को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट में एक और जीत दर्ज की। वहीं हरियाणा हरिकेंस ने दिल्ली डायनामाइट्स पर जीत दर्ज की।

नोएडा इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को मराठाज ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की और पहले दो सेट 21-18 और 21-19 से जीतकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। 2-0 की बढ़त के बाद टीम को मुकाबला अपने नाम करने के लिए सिर्फ एक और सेट जीतना था। हालांकि, राजस्थान स्पाइकर्स ने तीसरे सेट में जोरदार वापसी की और ज्यादा आक्रामक खेल दिखाते हुए इसे 21-18 से अपने नाम कर लिया। वापसी के बावजूद मराठाज ने पहले दो सेट में इतना अच्छा प्रदर्शन किया था कि वह मैच जीतने में सफल रहे और टूर्नामेंट में एक और अहम जीत दर्ज की।

राजस्थान स्पाइकर्स के अनीकेत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि एम्पीरिया मराठाज के अशिक वी. एलन को इम्पैक्ट प्लेयर चुना गया।

जीत के बाद अशिक ने कहा, "टीम की जीत में योगदान देकर बहुत अच्छा लग रहा है। हमने मैच की अच्छी शुरुआत की और पहले दो सेट जीतकर मुकाबले पर अपनी पकड़ बना ली। राजस्थान ने तीसरे सेट में शानदार वापसी की, लेकिन हमने अपना संयम बनाए रखा और यह सुनिश्चित किया कि मैच का नतीजा हमारे पक्ष में रहे। हम इस मैच से मिली सकारात्मक चीजों को आगे लेकर चलेंगे और आने वाले मुकाबलों में भी इसी लय को बनाए रखने की कोशिश करेंगे।"दिन के दूसरे मुकाबले में हरियाणा हरिकेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली डायनामाइट्स को 2-1 से हराया। हरिकेंस ने आत्मविश्वास के साथ शुरुआत की और पहले दो सेट 21-20 और 21-19 से जीतकर मैच में मजबूत बढ़त बना ली। मैच अपने पक्ष में होने के बाद हरियाणा की टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन दिल्ली डायनामाइट्स ने तीसरे सेट में वापसी की। डायनामाइट्स ने शानदार जज्बा दिखाते हुए तीसरा सेट 21-14 से जीत लिया, लेकिन यह हरियाणा को मैच जीतने से रोकने के लिए काफी नहीं था।

हरियाणा के चिराग यादव को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि उनके साथी तारिक सकलैन को मैच का इम्पैक्ट प्लेयर चुना गया।

टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए चिराग ने कहा कि टीम ने अहम मौकों पर अपना संयम बनाए रखा और अपनी रणनीति को अच्छी तरह से लागू किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित