छिंदवाड़ा, अगस्त 22 -- मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। नवजात बच्चों को गर्म रखने के लिए लगाई गई वॉर्मर मशीन में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई। हादसे में मशीन में रखे तीन नवजात बच्चे झुलस गए। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। तीनों बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, रात के समय एनआईसीयू में एक वॉर्मर मशीन के हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में अचानक स्पार्किंग हुई। देखते ही देखते मशीन में आग लग गई। उस समय वॉर्मर में तीन नवजात बच्चे रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से तीनों झुलस गए। घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ ने तत्काल बच्चों को वॉर्मर से बाहर निकाला और उपचार शुरू किया।
बच्चों की स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें तत्काल जबलपुर रेफर किया। बच्चों को दो डॉक्टरों की निगरानी में एंबुलेंस से जबलपुर भेजा गया, ताकि रास्ते में भी उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिलती रहे।
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन कंचन दुबे ने बताया कि जन्म के बाद नवजात बच्चों के शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखने और उन्हें गहन देखभाल देने के लिए वॉर्मर मशीन का उपयोग किया जाता है। रात में वॉर्मर की हीटिंग यूनिट के फिलामेंट में अचानक स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से वॉर्मर में मौजूद तीन नवजात बच्चे झुलस गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित