जालोर , मई 22 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को यहां जालोर-दिल्ली नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

श्री वैष्णव ने उत्तर पश्चिम रेलवे के जालोर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 04875 जालोर-दिल्ली उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे अब जालोर एवं आसपास के क्षेत्र पहली बार दिल्ली और जयपुर से सीधे रेल संपर्क से जुड़ गये।

इस अवसर पर जालौर सांसद लुंबाराम चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री वैष्णव ने कहा कि जालोर क्षेत्र की जनता को लंबे समय से बेहतर रेल संपर्क की आवश्यकता थी, जिसे आज नई रेल सेवा के माध्यम से पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह नई रेल सेवा जालोर एवं आसपास के क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि आज़ादी के समय से चली आ रही मांग को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा किया गया है। यह रेल सेवा जालोर, पाली का देश और राज्य की राजधानियों से पहली बार सीधा संपर्क स्थापित हुआ है।

उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा विभिन्न शहरों के बीच आवागमन अधिक सरल एवं सुविधाजनक होगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में 76,800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे विकास कार्य प्रगति पर हैं तथा अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। जालौर एवं मारवाड़ भीनमाल रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं।

राजस्थान में चल रहे रेलवे स्टेशन विकास कार्यों के बारे में बताते हुए कहा कि जयपुर, कोटा, जोधपुर, अजमेर, आबूरोड, पाली मारवाड़ और जैसलमेर रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य स्थानीय कला एवं संस्कृति के अनुरूप किया जा रहा है जिससे यह शहर के पर्यटन स्थल के रूप में उभरकर सामने आ रहे हैं। राजस्थान में निर्माणाधीन परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि अनेक परियोजनाएं प्रगति पर है जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ग्रेनाइट उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए रेलवे द्वारा गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की स्थापना भी कर उद्योग को बढ़ावा दिया जा सकता है। इसके लिए रेलवे हरसंभव सहयोग करने के लिए तैयार है।

उन्होंने बताया कि कोविड काल के बाद राजस्थान के लिए 46 जोड़ी नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है, जिनमें वंदे भारत, अमृत भारत एवं विभिन्न एक्सप्रेस रेल सेवाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में सांसद लुंबाराम चौधरी ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इनके नेतृत्व में जालोर क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो रही है।

इस अवसर पर राजस्थान में सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, आहोर विधायक छगन सिंह एवं जीवाराम चौधरी, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक जोधपुर अनुराग त्रिपाठी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी आदि मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित