श्रीनगर , अप्रैल 29 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव गुरुवार को श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस की विस्तारित सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे।
श्री वैष्णव जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना करेंगे। यह ट्रेन पहले श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलती थी और अब यह जम्मू तवी तक चलेगी।
इसके साथ ही श्री वैष्णव उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) पर स्थित दो सबसे खास इंजीनियरिंग संरचनाओं, अंजी ब्रिज और चेनाब ब्रिज का निरीक्षण करेंगे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छह जून 2025 को कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उस समय इस ट्रेन में आठ डिब्बे थे। रेलवे ने बताया है कि इस ट्रेन को यात्रियों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, जिसके कारण इसके डिब्बों की संख्या बढ़ाकर 20 करने का निर्णय लिया गया है।
जम्मू-तवी तक विस्तार होने के साथ ही 20 कोच वाली वंदे भारत रेल यात्रियों को बेहतर यात्रा का अनुभव करायेगी।
रेलवे ने बताया है कि विस्तारित जम्मू-तवी-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस की पहली यात्रा का शुभारंभ गुरुवार को होगा, लेकिन इसकी नियमित सेवा दो मई से शुरू होगी। लगभग 266 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए, इस कॉरिडोर पर दो जोड़ी ट्रेनें चलेंगी।
पहली वंदे भारत जम्मू तवी से यह रेल संख्या 26401 के रूप में सुबह 6:20 बजे प्रस्थान करेगी और श्री माता वैष्णो देवी कटरा, रियासी और बनिहाल स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। इस यात्रा में चार घंटे पचास मिनट लगते हैं।
वहीं वापसी में यह रेल संख्या 26402 के रूप में श्रीनगर से अपराह्न 2:00 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 6:50 बजे जम्मू तवी पहुंचती है। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।
वहीं, दूसरी वंदे भारत रेल संख्या 26404 के रूप में श्रीनगर से सुबह 8:00 बजे प्रस्थान करेगी और बनिहाल और कटरा में रुकती है और अपराह्न 12:40 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी। इसकी वापसी सेवा रेल संख्या 26403 जम्मू तवी से अपराह्न 1:20 बजे प्रस्थान करेगी है और शाम 6:00 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।
ये दोनों ट्रेनें यह सुनिश्चित करती हैं कि यात्रियों के पास सप्ताह के अधिकांश दिनों में कॉरिडोर के दोनों छोर से सुबह और अपराह्न में वंदे भारत का विकल्प हो, जिससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में आसानी होती है।
रेलवे ने कहा है कि वंदे भारत रेल सेवा को कटरा से जम्मू तवी तक विस्तारित करना जम्मू-कश्मीर क्षेत्र के आम यात्रियों के लिए एक सीधा-सादा लेकिन महत्वपूर्ण बदलाव है। अब तक, दिल्ली, मुंबई और अन्य स्थानों से आने वाली कनेक्टिंग ट्रेनों से जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों और यात्रियों को कटरा पहुंचने के लिए रेल बदलनी पड़ती थी या अलग से सड़क परिवहन की व्यवस्था करनी पड़ती थी।
इस विस्तार के साथ, वे सीधे जम्मू तवी से वंदे भारत रेल सेवा में सवार हो सकेंगे और कटरा स्थित वैष्णो देवी बेस कैंप तक पहुंच सकेंगे, और बिना किसी रेल बदले श्रीनगर तक की यात्रा कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित