छपरा , जून 18 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को छपरा-दिल्ली (आनन्द विहार टर्मिनस)-छपरा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।

इस मौके पर यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री वैष्णव आभासी माध्यम से 65121/65122 दोहरीघाट-औंड़िहार-दोहरीघाट ट्रेन सेवा का वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार सेवा तथा मऊ-दिल्ली (आनन्द विहार टर्मिनस)-मऊ एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर करेंगे।

पूर्वोत्त रेलवे ने गुरुवार को बताया कि छपरा जं. स्टेशन पर आयोजित समारोह में सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधान परिषद सदस्य वीरेन्द्र नारायण यादव, श्री आफाक अहमद, श्री सच्चिदानंद राय और विधायक छोटी कुमारी उपस्थित रहेंगी। वहीं मऊ जं. स्टेशन पर आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के नगर विकासअरविन्द कुमार शर्मा, घोसी के सांसद राजीव राय उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर छपरा जं. स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर, पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे, जबकि वाराणसी तथा मऊ जं. स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल सहित रेल के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

इसके अतिरिक्त श्री वैष्णव और श्री चौधरी शुक्रवार को बिहार के मढ़ौरा लोको संयंत्र में आयोजित एक समारोह में इस फैक्टरी से गिनी गणराज्य को निर्यात होने वाले 51वें रेल इंजन (डब्ल्यूडीजी4डी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

पूर्वोत्तर रेलवे ने बताया कि दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या में निरंतर वृद्धि को ध्यान में रखकर रेल मंत्रालय द्वारा 12527/12528 छपरा-दिल्ली (आनन्द विहार टर्मिनस)-छपरा साप्ताहिक एक्सप्रेस तथा 14055/14056 मऊ-दिल्ली (आनन्द विहार टर्मिनस)-मऊ एक्सप्रेस के संचलन को स्वीकृति प्रदान की थी। इसके अतिरिक्त 65121/65122 दोहरीघाट-औंड़िहार-दोहरीघाट ट्रेन सेवा का वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार को स्वीकृति दी गयी थी।

पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 12527 छपरा-दिल्ली (आनन्द विहार टर्मिनस) एक्सप्रेस छपरा से प्रत्येक रविवार को 20.50 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 14.00 बजे आनन्द विहार टर्मिनस पहुंचेगी, जबकि गाड़ी संख्या12528 दिल्ली (आनन्द विहार टर्मिनस)-छपरा एक्सप्रेस आनन्द विहार टर्मिनस से प्रत्येक सोमवार को 16.25 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 09.40 बजे छपरा पहुंचेगी। यह गाड़ी अपने यात्रा मार्ग में बलिया, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ एवं गाजियाबाद स्टेशनों पर रूकेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 14055 मऊ-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस मऊ से प्रत्येक गुरुवार को 10.30 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 03.00 बजे आनन्द विहार टर्मिनस पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 14056 आनन्द विहार टर्मिनस-मऊ एक्सप्रेस आनन्द विहार टर्मिनस से प्रत्येक बुधवार को 15.00 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन मऊ 05.45 बजे पहुंचेगी। यह गाड़ी अपने यात्रा मार्ग में मुहम्मदाबाद, आजमगढ़, खोरासन रोड, शाहगंज, जौनपुर, जंघई, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल स्टेशनों पर रूकेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे ने कहा कि 65121/65122 दोहरीघाट-औंड़िहार-दोहरीघाट मेमू ट्रेन सेवा की लोकप्रियता एवं जनआकांक्षाओं को देखते हुए इस गाड़ी का मार्ग विस्तार वाराणसी सिटी तक किया जा रहा है। इन गाड़ियों के चलने से विद्यार्थियों, किसानों, व्यावसायियों, श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को काफी सुविधा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित