चेन्नई , जनवरी 27 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने महिलाओं को समाज की रीढ़ बताते हुए कहा है कि राज्य को 2023 तक एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के महत्वकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने के काम में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

श्री स्टालिन ने मंगलवार को यहां नंदंबक्कम स्थित विशाल चेन्नई ट्रेड सेंटर में दो दिवसीय ग्लोबल वुमन समिट का उद्घायन करने के बाद कहा कि रोजगार पाने वाली महिलाओं की सबसे ज्यादा संख्या के मामले में तमिलनाडु पहले स्थान पर है। उन्होंने परिवारों, समुदायों और अर्थव्यवस्था में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और जोर दिया कि जब तक महिलाएं समान रूप से आगे नहीं बढ़तीं, तब तक राज्य और राष्ट्र प्रगति नहीं कर सकते ।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की किसी राज्य के कार्यबल में भागीदारी के मामले में तमिलनाडु देश में अग्रणी है, और महिलाओं से आग्रह किया कि वे साहसपूर्वक नए क्षेत्रों में कदम रखें और अपने चुने हुये क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी नेतृत्व की भूमिका निभायें।

द्रमुक की द्रविड़ियन मॉडल सरकार की शुरू की गई कई महिला-केंद्रित पहलों का उल्लेख करते हुए, मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना और स्कूली छात्रों के लिए मध्याह्न भोजन और नाश्ता योजनाओं पर प्रकाश डाला, जिससे अधिक महिलाओं को बिना किसी कठिनाई के कार्यबल में शामिल होने में मदद मिली है।

यह देखते हुए कि तमिलनाडु एकमात्र ऐसा राज्य है जहां उत्तर भारत (भाजपा शासित राज्य) की महिलाओं की तुलना में महिलायें अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं, श्री स्टालिन ने महिलाओं की सुरक्षा और कल्याण को बढ़ाने के लिए किये जा रहे तमिलनाडु सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला, जिनमें महिलाओं के लिए 'थोझी' छात्रावास और विशेष स्वास्थ्य सेवायें शामिल हैं, जैसे कि तीन लाख लड़कियों के लिए मुफ्त सर्वाइकल कैंसर के टीके और कांचीपुरम जिले में स्तन कैंसर की देखभाल के लिए 120 करोड़ रुपये का समर्पित अस्पताल, इसके अलावा महिला परिवार प्रमुखों के लिए 1,000 रुपये प्रति माह कालिगनार मगलीर उरिमाई थोगई (केएमयूटी), उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए छात्राओं को वित्तीय सहायता, आदि।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप बढ़ रहे हैं और पुथुमाई पेन, नान मुथलवन और केएमयूटी जैसी योजनाएं तमिलनाडु भर में महिलाओं के लिए समानता और अवसरों को मजबूत कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित