रायपुर, 28 सितंबर 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने तथा पर्यटन क्षेत्र में नए निवेश और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाएं तलाशने के उद्देश्य से नवा रायपुर में 'सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस-2026' का आयोजन किया गया। इसमें देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, होटलियर्स और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में मेफेयर लेक व्यू रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में बिजनेस-टू-बिजनेस (बीटूबी) बैठकों के जरिए नए टूर पैकेज विकसित करने, पर्यटक समूहों को छत्तीसगढ़ लाने, निवेश आकर्षित करने और प्रदेश के पर्यटन उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है। बस्तर की जनजातीय संस्कृति, सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, सिरपुर की पुरातात्विक विरासत, राजिम, भोरमदेव और बारनवापारा जैसे पर्यटन स्थल राज्य को विशिष्ट पहचान देते हैं।

श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है। पर्यटन विकास का उद्देश्य पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, कारीगरों और कलाकारों को बाजार तथा ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों के लिए आजीविका के नए अवसर तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि 'सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस' पर्यटन कारोबारियों को सीधे प्रदेश से जोड़ने वाला व्यावसायिक मंच है। इससे नए बाजारों तक पहुंच, पर्यटन पैकेज विकसित करने और व्यावसायिक साझेदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने रायपुर में निर्माणाधीन फिल्म सिटी, भोरमदेव कॉरिडोर और जशपुर के मयाली क्षेत्र में चल रहे पर्यटन विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने बताया कि दिल्ली, भुवनेश्वर, पुणे और चेन्नई सहित विभिन्न शहरों में रोड शो और राष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों में भागीदारी के जरिए प्रदेश के पर्यटन स्थलों का प्रचार किया गया है। इन प्रयासों से अब तक 400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल से जुड़ चुकी हैं।

पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने पर्यटन को रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाकर रोजगार और आय के अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने आयोजन में बने व्यावसायिक संपर्कों को वास्तविक पर्यटन गतिविधियों में बदलने के साथ डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की आवश्यकता बताई।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने डिजिटल तकनीक और क़त्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के माध्यम से पर्यटन स्थलों की वैश्विक पहुंच बढ़ाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रदेश में होम-स्टे के लिए 82 लाभार्थियों के 280 से अधिक कमरों की पहचान की गई है। डिजिटल रिजर्वेशन के लिए पर्यटन मंडल की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के साथ निवेशक बैठकों तथा रोड शो के माध्यम से बाजार विस्तार पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने सिरपुर समेकित विकास योजना, शक्तिपीठ कॉरिडोर, पर्यटन स्थलों पर संकेतक लगाने और पर्यटकों की सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में चित्रकोट, तीरथगढ़, कुटुमसर, मैनपाट, जशपुर, बस्तर दशहरा, सिरपुर, भोरमदेव, ढोलकल गणेश, नारायणपाल और मल्हार सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की संभावनाओं को प्रस्तुत किया गया।

छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष जसप्रीत भाटिया ने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने से प्रदेश में इस क्षेत्र के विस्तार की नई संभावनाएं बनी हैं। इसके लिए शासन, पर्यटन विभाग और पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों के बीच समन्वय जरूरी है।

आयोजन में विभिन्न टूर ऑपरेटर्स, होटलियर्स और पर्यटन संस्थाओं के प्रमोशनल स्टॉल लगाए गए। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के साथ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और धमतरी जिला प्रशासन ने भी अपने पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया। बीटूबी बैठकों में टूर पैकेज, होटल और होम-स्टे सेवाओं, व्यावसायिक साझेदारी तथा छत्तीसगढ़ में पर्यटक समूहों की आवाजाही बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

इस अवसर पर पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितधारकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सर्वश्रेष्ठ पर्यटन जिला प्रोत्साहन पुरस्कार गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सर्वश्रेष्ठ इको-टूरिज्म स्थल पुरस्कार तक्षक भोरमदेव, सर्वश्रेष्ठ होटल पुरस्कार एम्बिशन जगदलपुर, सर्वश्रेष्ठ टूर ऑपरेटर पुरस्कार डी. रमेश कैंप वन्स, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप पुरस्कार हेरिटेज वाला के शिवम त्रिवेदी, सर्वश्रेष्ठ साहसिक पर्यटन संचालक पुरस्कार ट्रिपी हिल्स जशपुर के सौरभ सिंह और सर्वश्रेष्ठ होम-स्टे पुरस्कार धुरवा डेरा के मानसिंह को दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित