नयी दिल्ली , मार्च 11 -- कांग्रेस सांसद विजय वसंत ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव देकर ईरान और अन्य खाड़ी देशों में फंसे भारतीय मछुआरों के मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग की है।

कन्याकुमारी से कांग्रेस सांसद विजय वसंत ने अपने प्रस्ताव में कहा है कि कन्याकुमारी और आसपास के जिलों के एक हजार से अधिक भारतीय मछुआरे रोजगार के लिए ईरान और अन्य खाड़ी देशों में गए थे, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण वे वहां फंस गए हैं।

उन्होंने कहा कि ये मछुआरे फिलहाल भय और अनिश्चितता की स्थिति में हैं तथा गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। कई लोगों के पास भोजन जैसी बुनियादी जरूरतों तक की पहुंच नहीं है, जिससे उनके सामने मानवीय संकट की स्थिति पैदा हो गई है।

सांसद ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें जल्द से जल्द स्वदेश लाने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह एक मानवीय संकट है, जिस पर सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित