मुंबई , जून 08 -- विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट रही और प्रमुख सूचकांक करीब एक प्रतिशत लुढ़ककर दो महीने से अधिक के निचले स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 719.08 अंक (0.97 प्रतिशत) टूटकर 73,524.26 अंक पर बंद हुआ। यह गत दो अप्रैल का बाद का इसका निचला बंद स्तर है।
वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया संकट गहराने से दूसरे एशियाई और यूरोपीय बाजार लाल निशान में रहे, जिसका असर घरेलू बाजारों पर देखा गया। इजरायल के ईरान के बीच ताजा हमलों से निवेश धारणा कमजोर हुई है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 243.70 अंक यानी 1.04 प्रतिशत लुढ़ककर 23,123 अंक पर बंद हुआ। यह इसका भी छह अप्रैल के बाद का निचला स्तर है।
बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.93 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.92 प्रतिशत टूट गया।
स्वास्थ्य को छोड़कर सभी सेक्टरों में गिरावट रही। रियल्टी और धातु समूहों के सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा गिर गये। वित्त, ऑटो, आईटी, मीडिया, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस और रसायन समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक फिसल गये।
एनएसई में जिन 3,408 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,541 के शेयरों में गिरावट और 757 में तेजी रही। अन्य 110 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 के शेयर लाल निशान में रहे। इटरनल का शेयर 3.24 फीसदी लुढ़क गया। इंडिगो में 2.61 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.51, रिलायंस इंडस्ट्रीज औ टीसीएस में दोनों में 2.13, बजाज फाइनेंस में 2.05 और एलएंडटी में दो प्रतिशत की गिरावट रही।
टाटा स्टील का शेयर 1.91 फीसदी, बजाज फिनसर्व का 1.89, ट्रेंट का 1.85, टाइटन का 1.61, एचडीएफसी बैंक का 1.18, मारुति सुजुकी का 1.07, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.04, आईसीआईसीआई बैंक का 0.97, एशियन पेंट्स का 0.96 और अडानी पोर्ट्स का 0.94 प्रतिशत टूट गया। इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, आईटीसी, एक्सिस बैंक और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी लाल निशान में रहे। पावरग्रिड का शेयर सबसे अधिक 1.79 प्रतिशत चढ़ा। टेक महिंद्रा में 1.35 प्रतिशत, बीईएल में 1.20 प्रतिशत और भारती एयरटेल में 0.93 प्रतिशत की तेजी रही। भारतीय स्टेट बैंक और एनटीपीसी के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित