मुंबई , मई 24 -- घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर वैश्विक कारकों और उद्योग के आंकड़ों पर रहेगी।
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर हर दिन अलग-अलग बयान आ रहे हैं। इससे बाजारों में भी उठा-पटक जारी है। एक दिन शेयर बाजार चढ़ता है, अगले दिन फिसल जाता है और फिर अगले दिन चढ़ जाता है।
घरेलू स्तर पर अप्रैल माह के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े भी सप्ताह के दौरान जारी होने हैं। इससे भी निवेश धारणा प्रभावित हो सकती है। दिग्गज कंपनियों में ओएनजीसी और इंडिगो के 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही के वित्तीय परिणाम जारी होने हैं।
पिछले सप्ताह बीएसई के सेंसेक्स में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को तेजी रही जबकि मंगलवार और गुरुवार गिरावट रही। सेंसेक्स 177.36 अंक (0.24 प्रतिशत) की साप्ताहिक बढ़त में बंद हुआ।
सप्ताह के दौरान नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 75.80 अंक यानी 0.32 प्रतिशत ऊपर 23,719.30 अंक पर बंद हुआ। मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.19 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.41 प्रतिशत चढ़ा।
आलोच्य सप्ताह में सेंसेक्स की 30 में से 15 कंपनियों के शेयर हरे निशान में और अन्य 15 के लाल निशान में रहे। इंफोसिस में सबसे अधिक 5.01 प्रतिशत की तेजी देखी गयी। ट्रेंट का शेयर 4.74 फीसदी, टेक महिंद्रा का 3.76, एक्सिस बैंक का 3.25, इंडिगो का 2.93, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 2.74, टीसीएस का 2.36 और बजाज फिनसर्व का 2.20 प्रतिशत चढ़ा।
आईसीआईसीआई बैंक में 1.62 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.37 प्रतिशत और एशियन पेंट्स में 1.28 प्रतिशत की तेजी रही। अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और इटरनल के शेयर भी ऊपर रहे।
पावर ग्रिड का शेयर 3.76 प्रतिशत, टाटा स्टील का 3.51, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 3.04, आईटीसी का 2.50 और टाइटन का 2.10 प्रतिशत गिर गया। सनफार्मा में 1.85 प्रतिशत, मारुति सुजुकी में 1.80, भारती एयरटेल में 1.74, बीईएल में 1.66 प्रतिशत, एनटीपीसी में 1.65, भारतीय स्टेट बैंक में 1.44, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.30 प्रतिशत की गिरावट रही। कोटक महिंद्रा बैंक, अडानी पोर्ट्स और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी साप्ताहिक नुकसान में रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित