पटना, नवम्बर 09 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में सोमवार को वैशाली में 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का संयुक्त संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया।
राजग के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, हम (से) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) केप्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी ने आगामी 21 नवंबर को वैशाली के जाफरपट्टी में प्रस्तावित प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने कहा कि राजग सरकार के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री श्री मोदी का वैशाली की ऐतिहासिक धरती पर आगमन हम सभी के लिए प्रसन्नता और गर्व का विषय है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी कच्ची दरगाह छह लेन पुल सहित कई विकास योजनाओं की सौगात देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की जो लंबी लकीर खींची है, उसे अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री का बिहार आगमन राज्य के विकास को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि वैशाली की ऐतिहासिक धरती ने हमेशा इतिहास रचा है। 21 नवंबर को यहाँ आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम भी इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा। जनभागीदारी के मामले में यह आयोजन पिछले सभी रिकाॅर्ड पीछे छोड़़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित