हाजीपुर , मई 20 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंहके निर्देशन में जिले के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के निर्वाचन की तैयारी पूरी कर ली गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार पटना के निर्देशानुसार वैशाली जिले के नगर परिषद हाजीपुर, लालगंज, महुआ, महनार तथा नगर पंचायत जंदाहा, गोरौल एवं पातेपुर में 29 एवं 30 मई 2026 को सशक्त स्थायी समिति के रिक्त पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर परिषद हाजीपुर में पांच सदस्यों के लिए 29 मई को समाहरणालय स्थित पुष्पकरणी सभागार में निर्वाचन होगा। वहीं नगर परिषद लालगंज, महुआ, महनार एवं नगर पंचायत जंदाहा में तीन-तीन सदस्यों के लिए 29 मई को चुनाव कराया जाएगा। नगर पंचायत गोरौल एवं पातेपुर में 30 मई को निर्वाचन संपन्न होगा। चुनाव प्रक्रिया के लिए नामांकन, मतदान, मतगणना एवं शपथ ग्रहण तक की समय-सारणी निर्धारित कर दी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिये विभिन्न निर्वाची पदाधिकारियों, सहायक निर्वाची पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने एवं निर्वाचन कार्यों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने निर्देश दिया है कि निर्वाचन स्थलों पर वीडियोग्राफी, स्टेशनरी, मतपेटिका, नामांकन प्रपत्र, मतपत्र सहित सभी आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संबंधित वार्ड पार्षदों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने तथा पहचान पत्र जांच के उपरांत ही निर्वाचन स्थल में प्रवेश देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखते हुए निर्वाचन को पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी स्तरों पर व्यापक तैयारी सुनिश्चित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित