हाजीपुर , मई 23 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक में जन वितरण प्रणाली एवं खाद्यान्न आपूर्ति से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी लाभुकों को निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि खाद्यान्न का समय पर उठाव सुनिश्चित करें तथा गोदामों में भंडारण व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाए रखें।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि खाद्यान्न आपूर्ति श्रृंखला में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

बैठक में परिवहन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही बरतने वाले परिवहन अभिकर्ताओं को कड़ी चेतावनी दी गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिए कि जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं तक निर्धारित समय सीमा के भीतर खाद्यान्न पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में लालगंज एवं भगवानपुर के परिवहन अभिकर्ताओं के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के लिये जिला प्रबंधक, वैशाली को निर्देशित किया गया।जिन प्रखंडों में खाद्यान्न वितरण प्रतिशत अपेक्षाकृत कम पाया गया, वहां के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को शीघ्र वितरण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, सस्पेक्टेड राशन कार्ड प्रपत्र एवं ई-केवाईसी कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने शेष लंबित कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभुकों को किसी भी परिस्थिति में खाद्यान्न वितरण में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सभी राज्य खाद्य निगम गोदामों की रोस्टर के अनुसार नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को "परख" ऐप के माध्यम से शत-प्रतिशत जांच करने को कहा गया।

अंत में जिला पदाधिकारी ने जिला प्रबंधक, वैशाली को सीएमआर लक्ष्य की शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिये आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित