हाजीपुर , मई 10 -- बिहार के वैशाली जिले के विभिन्न प्रखंडों के अंतर्गत चयनित पैक्सों में निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (सहकारिता) सह जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने बताया कि जिले के 04 प्रखंडों के कुल 09 पैक्सों में निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 20.05.2026 एवं 21.05.2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक संपन्न होगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा द22.05.2026 से 23.05.2026 को की जाएगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि एवं निर्वाचन प्रतीक का आवंटन दिनांक 26.05.2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान दिनांक 03.06.2026 को पूर्वाह्न 07:00 बजे से अपराह्न 04:30 बजे तक संबंधित पंचायत क्षेत्रों में स्थापित कुल 22 मतदान केंद्रों पर संपन्न कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी तथा निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचित अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र वितरण की तिथि 03.06.2026 निर्धारित की गई है।
निर्वाचन जिन पैक्सों में कराया जाना है, उनमें गोरौल प्रखंड अंतर्गत रसूलपुर तुर्की, इनायतनगर,भगवानपुर,महनार प्रखंड अंतर्गत महिंदवारा, महुआ प्रखंड अंतर्गत फतहपुर पकड़ी, सुपौल तरिया तथा हाजीपुर प्रखंड अंतर्गत कर्णपुरा नगर परिषद, दिघिकला पूर्वी एवं दिघिकला पश्चिमी एवं पूर्वी नगर परिषद क्षेत्र के संबंधित पैक्स शामिल हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिये सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पैक्सों के सभी आम सदस्यों से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने के लिये निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा निर्धारित तिथि को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने मतदाताओं से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित