हाजीपुर , जनवरी 27 -- वैशाली की जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन तथा भारतीय वन्यजीव संस्थान की संयुक्त परियोजना 'जलज' के अंतर्गत मंगलवार को हाजीपुर के कोनहारा घाट पर जलज सुदर्शन डॉल्फिन सफारी के अंतर्गत दो सफारी नौकाओं का शुभारंभ किया।
उल्लेखनीय है कि आज केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटील ने देशभर में 25 नए जलज केंद्रों का ऑनलाइन उद्घाटन किया, जिसमें हाजीपुर स्थित जलज केंद्र भी शामिल था। यह कार्यक्रम मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी श्रीमती सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जहाँ उन्होंने इस परियोजना के अंतर्गत दो जलज सफारी नौकाओं को हरी झड़ी दिखाई।
इस जलज परियोजना का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी बेसिन क्षेत्र में निवास करने वाले स्थानीय समुदायों को पर्यावरण संरक्षण एवं नदी संरक्षण से जोड़ते हुए सतत आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। इस परियोजना के अंतर्गत गंगा बेसिन क्षेत्र में कुल 75 जलज केंद्रों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है, जो पाँच प्रमुख आयामों पर आधारित हैं, जिनमें से एक महत्वपूर्ण आयाम जलज सफारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित