हाजीपुर , मार्च 21 -- बिहार में वैशाली जिले के विकास कार्यों को गति देने के लिए जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में रेलवे, सड़क और शहरी विकास से जुड़े अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कई ऐसे निर्णय लिए गए, जिनका सीधा असर हाजीपुर शहर के यातायात, सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना पर देखने को मिलेगा।
बैठक में रेलवे से जुड़े विकास कार्य मुख्य एजेंडा में रहे। हाजीपुर जंक्शन के सौंदर्यीकरण, फुट ओवर ब्रिज निर्माण तथा रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने को लेकर जिला पदाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाजीपुर जंक्शन जिले का प्रमुख स्टेशन है, इसलिए यहां आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और साफ-सुथरा वातावरण मिलना चाहिए।महनार में समपार पथ संख्या 27सी को बंद कर लगभग 100 मीटर की दूरी पर अंडरपास निर्माण के प्रस्ताव पर भी बैठक में चर्चा हुई।
जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, महनार को रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि इस महत्वपूर्ण परियोजना पर जल्द काम शुरू हो सके।
हाजीपुर शहर में टेंपो और बस स्टैंड के लिए रेलवे की जमीन के सीमांकन और चिन्हीकरण का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए ट्रैफिक एसपी को आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण के लिए रेलवे की खाली जमीन के अनापत्ति प्रमाण पत्र पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित