हाजीपुर , मार्च 21 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में 22 से 24 मार्च 2026 तक बिहार दिवस 2026 का आयोजन जिले में भव्य एवं गरिमामय रूप से किया जाएगा।

यह कार्यक्रम कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। मुख्य कार्यक्रम स्थल जी.ए. इंटर विद्यालय, हाजीपुर निर्धारित किया गया है, जहां तीनों दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला पदाधिकारी ने बिहार दिवस के सफल आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, मंच, बैठने की व्यवस्था, प्रदर्शनी स्टॉल, पार्किंग तथा यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस राज्य की समृद्ध विरासत, संस्कृति, इतिहास और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है और इसे उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए।

22 मार्च 2026 को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से होगी, जिसमें छात्र-छात्राएं एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके बाद अतिथियों का स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का उद्घाटन तथा वक्ताओं का संबोधन होगा।

इस दिन शिक्षा विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसमें विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा गीत, संगीत, नृत्य, नाटक एवं लोक संस्कृति से संबंधित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। संध्या में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित