हाजीपुर , मार्च 16 -- बिहार में वैशाली की जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशानुसार सोमवार को नगर परिषद, हाजीपुर की टीम ने शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया।
यह अभियान बीएसएनएल गोलंबर से उमेश सिनेमा रोड होते हुए स्टेशन चौक तक संचालित किया गया।
अभियान का नेतृत्व डीपीओ नमामि गंगे, वैशाली मुनेश कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान के क्रम में अतिक्रमणकारियों पर 2400 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया तथा कुछ सामानों की जप्ती भी की गई।
अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण किए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध और कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर परिषद, हाजीपुर के अमीन को निर्देशित किया गया कि संबंधित सड़क की मापी कर अतिक्रमित भागों को चिह्नित करते हुए कल तक लाल निशान लगाना सुनिश्चित करें, जिससे स्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जा सके।
दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने निर्धारित दायरे में रहकर ही अपने व्यवसाय का संचालन करें। सड़क पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने अथवा सड़क अवरुद्ध करने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन, वैशाली एवं नगर परिषद, हाजीपुर का मुख्य उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं जाम मुक्त बनाना है, जिससे आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा नागरिकों की सुविधा के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाया जाएगा।
नगर परिषद, हाजीपुर को निर्देश दिया गया है कि शहर के भीड़भाड़ वाले सभी प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकतानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।
जिला पदाधिकारी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें, जिससे शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुगम यातायात वाला बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित