हाजीपुर , सितंबर 18 -- मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग, हाजीपुर तथा मद्य निषेध मुख्यालय की टीम ने संयुक्त रूप से हरिजन कॉलोनी, थाना रोड, हाजीपुर स्थित एक आवासीय मकान में छापेमारी कर करीब 40.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

इस संबंध में मद्य निषेध थाना, हाजीपुर में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार में लागू मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के तहत शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण, परिवहन, वितरण एवं सेवन पर प्रतिबंध है। जिले में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा सतत निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि शराब के अवैध निर्माण, बिक्री, भंडारण अथवा परिवहन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर इसकी जानकारी संबंधित प्रशासनिक अथवा मद्य निषेध विभाग के पदाधिकारियों को दें, जिससे समय पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित