हाजीपुर, मार्च 25 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को वैशाली जिले में हाजीपुर जिला खनन कार्यालय के डाटा इन्ट्री ऑपरेटर और परिचारी को 50 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि वैशाली जिले के विदुपुर थाना क्षेत्र के दाउदनगर गांव निवासी और परिवादी जिमदार कुमार ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि डाटा इन्ट्री ऑपरेटर राहुल कुमार रौशन के द्वारा गिट्टी भंडारण दुकान के लिए लघु-के लाईसेंस निर्गत करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता सदानन्द कुमार के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त राहुल कुमार रौशन और अप्राथमिकी अभियुक्त परिचारी प्रमोद कुमार को 50 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए जिला खनन कार्यालय, वैशाली, हाजीपुर से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित