हाजीपुर , मई 09 -- ाष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, वैशाली के तत्वावधान में शनिवार को सिविल कोर्ट परिसर, हाजीपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की गई, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने मामलों के निष्पादन के लिये पहल की।

संभावित भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार एवं समाहरणालय परिसर में लोगों के बैठने, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। साथ ही स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन कराया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, वैशाली हर्षित सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोक अदालत प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। यहां मुकदमों का स्थायी समाधान आपसी समझौते के आधार पर किया जाता है, जिससे समाज में अमन, चैन और भाईचारे का वातावरण सुदृढ़ होता है।

उद्घाटन समारोह में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय ऋषि कुमार सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम मनोज कुमार तिवारी, पुलिस अधीक्षक, वैशाली विक्रम सिहाग, अपर समाहर्ता, वैशाली संजय कुमार, अवर न्यायाधीश-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्रीमती रितु कुमारी, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंडी लाल दास तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सदस्य सुधीर कुमार शुक्ला सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित