हाजीपुर , मई 16 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशन में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत जप्त एवं अधिहरित वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया शनिवार को वाहन नीलामी समिति की उपस्थिति में संपन्न करायी गयी। नीलामी प्रक्रिया के दौरान उत्पाद थानों में मद्यनिषेध मामलों में जप्त विभिन्न प्रकार के वाहनों को निर्धारित नियमावली एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत खुली बोली के माध्यम से नीलाम किया गया। इस अवसर पर ट्रक, पिकअप, टेम्पू एवं मोटरसाइकिल सहित कुल 17 वाहनों की सफल नीलामी की गई, जिससे कुल पाँच लाख उन्नीस हजार चार सौ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई।

पूरी नीलामी प्रक्रिया वाहन नीलामी समिति की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। नीलामी के दौरान इच्छुक बोलीदाताओं द्वारा भाग लेकर वाहनों के लिए प्रतिस्पर्धात्मक बोली लगायी गयी। जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक अभिलेखों एवं प्रक्रिया का सत्यापन करते हुए नीलामी कार्य को पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ सम्पन्न कराया गया।

जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की मद्यनिषेध नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ जप्त एवं अधिहरित वाहनों के समयबद्ध निष्पादन के लिये जिला प्रशासन निरंतर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित हो रही है।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता वैशाली,वाहन नीलामी समिति के सदस्यगण, संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, उत्पाद विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित