हाजीपुर , मई 16 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशानुसार शनिवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय, सदर अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र पर "जियो नन्ही परी" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बेटी जन्म को सम्मान एवं गर्व के रूप में स्थापित करना है।

कार्यक्रम के दौरान नवजात बालिकाओं (नन्हीं परियों) एवं उनके अभिभावकों को शुभकामना संदेश प्रदान किया गया तथा बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों को बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी दी गईं।

इस क्रम में जिला पदाधिकारी, वैशाली का विशेष संदेश भी उपस्थित अभिभावकों को पढ़कर सुनाया गया, जिसमें नवजात बालिकाओं के जन्म पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके बेहतर पालन-पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी गई कि बेटियों को समान अवसर प्रदान करना तथा उन्हें शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही, बालिकाओं के नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं स्वच्छता के महत्व पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं, लाभार्थियों, आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने "जियो नन्ही परी" अभियान को सफल बनाने तथा बेटियों के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने आमजन से अपील की है कि वे बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाएं एवं "जियो नन्ही परी" अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित