हाजीपुर , मई 08 -- बिहार के वैशाली जिले में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के सतत मार्गदर्शन, प्रभावी अनुश्रवण एवं लगातार क्षेत्र भ्रमण के कारण तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। जिला पदाधिकारी द्वारा लगातार विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों का भ्रमण कर जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है तथा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उनके सक्रिय नेतृत्व का सकारात्मक प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

जिले में आमजन भी जनगणना कार्य के प्रति उत्साह दिखा रहे हैं तथा प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। लोगों के सहयोग से मकान सूचीकरण का कार्य सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपादित हो रहा है।

साथ ही प्रगणक एवं सुपरवाइजर निर्धारित एचएलबी में लगातार घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं संबंधित सूचनाओं के संकलन का कार्य कर रहे हैं। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिये निरंतर निगरानी एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित