हाजीपुर , मई 07 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देशानुसार जिले में किसानों को उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की निगरानी के उद्देश्य से थोक एवं खुदरा उर्वरक प्रतिष्ठानों के गोदामों में भंडारित उर्वरकों की मात्रा का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी , प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक सह कृषि समन्यवक द्वारा विभिन्न थोक उर्वरक प्रतिष्ठानों के गोदामों का निरीक्षण दैनिक रूप से किया जा रहा है तथा पोस स्टॉक एवं भंडार पंजी से मिलान करते हुए उर्वरकों की उपलब्ध मात्रा का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।
सत्यापन के दौरान प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण पाया गया। उपलब्ध स्टॉक के अनुसार जिले में लगभग यूरिया - 13688.82 मीट्रिक टन, डीएपी - 7,933.30 मीट्रिक टन, एमओपी - 4356.77 मीट्रिक टन, एनपीकेएस - 13,827.52 मीट्रिक टन सहित अन्य उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध पाया गया। कुल मिलाकर जिले में कुल 42008.99 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है, जिससे किसानों को उर्वरक की कमी नहीं होगी।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों द्वारा उर्वरकों के भंडारण की स्थिति, स्टॉक रजिस्टर का संधारण, उर्वरक वितरण की प्रक्रिया तथा किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया गया कि उर्वरकों का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा किसी भी स्थिति में कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक मूल्य वसूली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित