नयी दिल्ली , नवंबर 16 -- अमेरिका के टेक्सास विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने मानव शरीर में जोड़ों के कार्टिलेज (नरम हड्डियों यानी उप-अस्थि) के पुनर्विकास के जिम्मेदार एक प्रमुख तत्व का पता लगाया है जो अब मानव अंगों के पुनर्विकास के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है।

विश्वभर के विश्वविद्यालयों में किए जाने वाले नवीनतम वैज्ञानिक शोधों पर जानकारी जुटाने और उन्हें प्रकाशित करने वाली वेबसाइट 'फ्यूचुरिटी' में हाल में ही प्रकाशित एक लेख के अनुसार टेक्सास ए एंड एम विश्वविद्यालय स्थित पशु औषधि एवं जैव चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय के पशु चिकित्सा शरीर क्रिया विज्ञान और औषधि विज्ञान विभाग में सहायक प्रोफेसर लिंडसे डॉसन और अन्य शोधकर्ताओं की टीम ने फाइब्रोब्लास्ट (तंतुकोशिका) वृद्धि कारक तत्व (एफजीएफ) की खोज की है। तंतुकोशिकाओं की वृद्धि करने वाला यह तत्व एक तरह का प्रोटीन है।

यह टीम मानव अंगों के पुनर्विकास को संभव बनाने के लिए दिन-रात शोध में जुटी है। दशकों के वैज्ञानिक प्रयोगों ने मानव जाति को इस क्षेत्र में एक कदम आगे बढ़ा दिया है। उक्त लेख के अनुसार मैक्सिको में पाये जाने वाले एक उभयचर प्राणी की विशिष्ट प्राकृतिक क्षमता से टीम को इस शोध की प्रेरणा मिली है जिसमें उसके कुछ खराब अंक पुनर्विकसित हो जाते हैं। दरअसल मैक्सिको में पाया जाने वाला 'एक्सोलोटल' जैसा जीव अपने नष्ट हो चुके अंगों को फिर से विकसित कर सकता है। मानव अंगों को विकसित करने के काम में जुटे शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों के लिए यह जीव एक उदाहरण हैं कि नष्ट हो चुके अंगों काे विकसित किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित