वाराणसी , मई 23 -- कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा महोबा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद काशी के तमाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंत्री, विधायक, महापौर, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया पर अजय राय के खिलाफ पोस्ट की बाढ़ सी आ गई है।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विषय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा महोबा में की गई अभद्र टिप्पणी अजय राय तथा कांग्रेस के वैचारिक पतन और राजनीतिक कुंठा का परिचायक है। जिस अजय राय के अस्वस्थ होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वस्थ होने की कामना की थी, आज वही अजय राय, जो स्वयं अपराधी हैं और संगठित अपराधियों के संरक्षक माने जाते हैं, महोबा में अपने मानसिक दिवालियेपन का परिचय देते हुए यशस्वी प्रधानमंत्री के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के प्रति कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, अमर्यादित एवं स्तरहीन टिप्पणी न केवल राजनीतिक मर्यादाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है, बल्कि यह उनकी संकीर्ण, नकारात्मक एवं दूषित मानसिकता को भी उजागर करती है। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद और नीतियों का विरोध स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान, अशोभनीय भाषा और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां किसी भी सभ्य एवं संस्कारित राजनीति का हिस्सा नहीं हो सकतीं। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को भला-बुरा कहना अब पुरानी बात हो चुकी है, जिससे कांग्रेस पार्टी और गर्त में जा रही है।
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि अजय राय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गाली देकर आसमान की ओर मुंह करके थूकने का काम कर रहा है। यह उसकी सड़ी हुई मानसिकता को उजागर करता है। कांग्रेस में यदि थोड़ी सी भी नैतिकता बची है तो उसे तुरंत पार्टी से निष्कासित कर दे, अन्यथा बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।
एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने हदें पार कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति की गई यह टिप्पणी उनके मानसिक दिवालियेपन का द्योतक है। ऐसे असभ्य व्यक्ति का समाज में रहना ही धिक्कार है। हमारी मांग है कि तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित