जकार्ता , अगस्त 24 -- भारत के वनतारा ने इंडोनेशिया सरकार के साथ वन्यजीव स्वास्थ्य और संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी साझेदारी की है जिसके तहत इंडोनेशिया में 10 'हॉस्पिटल ऑन व्हील्स' शुरू किये जाएंगे।

इसके तहत हाथियों की देखभाल करने वालों और पशु चिकित्सकों को विशेष प्रशिक्षण मिलेगा और प्रसिद्ध वे कंबास एलिफेंट हॉस्पिटल को आधुनिक उपकरणों और तकनीक से उच्चीकृत किया जाएगा।

एक विज्ञप्ति के अनुसार अस्पताल के उन्नयन के बाद वे कंबास अस्पताल को एलिफेंट ट्रीटमेंट एंड केयर सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। यह केंद्र मानव देखभाल में रह रहे 62 सुमात्राई हाथियों के साथ आसपास के जंगलों में रहने वाले करीब 100 जंगली सुमात्राई हाथियों के इलाज और देखभाल में मदद करेगा।

दस मोबाइल अस्पताल जरूरत पड़ने पर वन्यजीवों तक मौके पर ही चिकित्सा सहायता पहुंचाएंगे।

वनतारा इस कार्यक्रम के लिए विशेषज्ञ पशु चिकित्सा सेवाएं, तकनीकी सहयोग, बुनियादी ढांचे में सहायता और प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम इंडोनेशिया सरकार और उसकी संबंधित एजेंसियों के नेतृत्व में चलेगा। सभी सुविधाओं का स्वामित्व और संचालन भी इंडोनेशिया सरकार के पास रहेगा।

इंडोनेशिया के वन मंत्री राजा जूली एंटोनी ने कहा कि साझेदारी से देश की अपनी वन्यजीव स्वास्थ्य और संरक्षण क्षमता मजबूत होगी। वनतारा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवान करानी ने कहा कि वनतारा अपनी पशु चिकित्सा और संरक्षण विशेषज्ञता इंडोनेशिया के साथ साझा करेगा और वहां के लंबे संरक्षण अनुभव से सीखने का भी प्रयास करेगा।

प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी द्वारा स्थापित वनतारा की यह साझेदारी उसके अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रमों के विस्तार का भी हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित