किंगस्टन , जून 15 -- शमार जोसेफ (पांच विकेट) और शरफेन रदरफोर्ड (नाबाद 54) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने सोमवार को तीसरे टी-20 मुकाबले में श्रीलंका को दो गेंदें शेष रहते पांच विकेट से शिकस्त दी। इसी के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
आज यहां वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम शमार जोसेफ की अगुवाई में गेंदबाजों आक्रमण के आगे निर्धारित 20 ओवरों में 169 रन पर सिमट गई। दुनित वेल्लालगे ने 28 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए (43) रनों की पारी खेली। उनके अलावा कामिल मिशारा (28), पथुन निसंका ने (26), कामिंडु मेंडिस (20), वानिंदु हसरंगा (21) और दसून शानका ने (16) रनों का योगदान दिया। वेस्टइंडीज के लिए शमार जोसेफ ने पांच विकेट लिये। अकील हुसैन , मैथ्यू फोर्ड, जेसन होल्डर और रॉस्टन चेज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज ने 19.4 ओवरों में पांच विकेट पर 170 रन बनाकर मुकबाला पांच विकेट से अपने नाम कर लिया। वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसने 53 रन पर चार विकेट गंवा दिये थे। कप्तान शाई होप (शून्य), ब्रैंडन किंग (16), अकीम अग्युस्त (एक) और शिमरॉन हेटमायर 19 गेंदों में (32) रन बनाकर आउट हुये। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाये। ऐसे संकट के समय शरफेन रदरफोर्ड और रोवमन पॉवेल ने पारी को संभाला और टीम को जीत की ओर ले गये। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांच विकेट के लिए 81 रन जोड़े। रोवमन पॉवेल ने 27 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के उड़ाते हुए (33) रनों की पारी खेली। शरफेन रदरफोर्ड ने 40 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के लगाते हुए (नाबाद 54) रन बनाये। जेसेन होल्डर ने पांच गेंदों में तीन छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 21) रनों की पारी खेली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित