कोलकाता , फरवरी 19 -- शाई होप (75) की आतिशी अर्धशतकीय पारी के बाद शमार जोसेफ (चार विकेट) और मैथ्यू फोर्ड (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप के 37वें मुकाबले में इटली को 42 रनों से शिकस्त दी।

166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली के बल्लेबाज वेस्टइंडीज गेंदबाजी आक्रमण के आगे खुलकर नहीं खेल सके और अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। इटली की पूरी टीम 18 ओवर में 123 रन ही बना सकी और 42 रनों से मुकाबला हार गई। बेंजमिन मनेंटी ने इटली के लिए सर्वाधिक 26 रन बनाये। उनके अलावा जे जे स्मट्स (24), एंथनी मोस्का (19) और ग्रांट स्टुअर्ट 12 रन बनाकर आउट हुये। इटली के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। वेस्टइंडीज के लिए शमार जोसेफ ने चार विकेट लिये। मैथ्यू फोर्ड को तीन और गुडाकेश मोती को दो विकेट मिले। अकील हुसैन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित