चेन्नई , अक्टूबर 21 -- तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में अनाइकट के पास बुधवार को एक निजी पटाखा इकाई के गोदाम में हुए विस्फोट में दो महिला श्रमिकों की मौत हो गई।
रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना में महिला मजदूर कोट्टावुर निवासी गायत्री (41) की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, और 90 प्रतिशत तक झुलस गई, दूसरी मजदूर संगीता (32) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि हरि प्रसाद नामक व्यक्ति के स्वामित्व वाली इस पटाखा इकाई में श्रमिक पटाखे बना रहे थे, तभी रगड़ के कारण यह विस्फोट हो गया। पुलिस ने मालिक को पकड़ने के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। जिला कलेक्टर लीला एलेक्स और पुलिस अधीक्षक शिवरामन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत व बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्फोट की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित