मुरादाबाद , जून 22 -- बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी आगामी कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के प्रचार-प्रसार के लिए पीतल नगरी मुरादाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने अपने सह-कलाकारों के साथ छात्रों और युवाओं से संवाद किया। इस दौरान कार्यक्रम में उत्साह, मनोरंजन और रोमांच का माहौल देखने को मिला। एक शिक्षण संस्थान के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अक्षय कुमार के साथ अभिनेत्री दिशा पाटनी, भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह और अभिनेता-हास्य कलाकार राजपाल यादव भी मौजूद रहे। हेलीकॉप्टर से पहुंचने पर छात्रों ने अपने पसंदीदा कलाकारों का जोरदार स्वागत किया।
मंच पर पहुंचते ही अक्षय कुमार ने हाथ जोड़कर उपस्थित लोगों का अभिवादन किया और "हर-हर महादेव" तथा "पार्वती पतये नमः" के उद्घोष लगाए। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि उनके जीवन में "रिटायरमेंट" जैसा कोई शब्द नहीं है और निरंतर कर्म ही उनकी ऊर्जा का स्रोत है।
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए माता-पिता का सम्मान और सेवा सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपनी आगामी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' देखने की अपील करते हुए कहा कि यह फिल्म दर्शकों को भरपूर मनोरंजन और हंसी प्रदान करेगी।
कार्यक्रम के दौरान अभिनेता राजपाल यादव ने अपनी हास्य शैली से उपस्थित छात्रों का मनोरंजन किया और फिल्मी जीवन के कुछ रोचक अनुभव साझा किए। वहीं अक्षरा सिंह और दिशा पाटनी ने भी मंच पर अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। अक्षय कुमार ने दोनों कलाकारों के साथ फिल्म के शीर्षक गीत पर नृत्य भी किया, जिसे छात्रों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वह घोषणा रही, जिसमें विश्वविद्यालय प्रबंधन ने छात्रों को फिल्म देखने के लिए आर्थिक सहायता देने की बात कही। अक्षय कुमार के अनुरोध पर प्रबंधन ने प्रत्येक छात्र के खाते में फिल्म टिकट के लिए 250 रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस घोषणा का छात्रों ने तालियों और उत्साह के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम के समापन पर अक्षय कुमार ने हजारों छात्रों के साथ सामूहिक सेल्फी ली। इस अवसर पर शिक्षण संस्थान के प्राध्यापक, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
फिल्म कलाकारों ने इस दौरान मुरादाबाद की सांस्कृतिक विरासत और पीतल उद्योग की भी सराहना की तथा स्थानीय लोगों से आत्मीय जुड़ाव व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित