सिवनी , दिसंबर 12 -- मध्यप्रदेश लोकायुक्त संगठन जबलपुर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिवनी जिले के मप्र वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉरपोरेशन, शाखा धनौरा के वेयरहाउस मैनेजर मुकेश परमार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर की गई।
शिकायतकर्ता सुरेंद्र जैन निवासी ग्राम धनौरा ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि ग्राम नाई पिपरिया स्थित जैन वेयरहाउस में धान एवं अन्य अनाज खरीदी से संबंधित सुविधाओं को लेकर प्रतिकूल रिपोर्ट ऊपर न भेजने के एवज में आरोपी अधिकारी ने 25 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में आरोपी 15 हजार रुपये पर राजी हुआ।
लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से धनौरा स्थित वेयरहाउस कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत की तय राशि स्वीकार करते ही गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से पूरी राशि बरामद कर ली। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(B) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई में निरीक्षक शशि मर्सकोले, राहुल गजभिए, बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त संगठन जबलपुर की टीम शामिल रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित