सागर , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र में शासकीय वेयरहाउस में हुए विवाद के बाद एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार फरियादी पप्पू उर्फ पवन अहिरवार, निवासी राजा बिलहरा, ने थाना सुरखी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथियों के साथ बम्होरी स्थित शासकीय वेयरहाउस के कार्यालय में बैठा था। इसी दौरान वेयरहाउस के दूसरे कमरे में मौजूद भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा और भूपेन्द्र शर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद और गाली-गलौज होने लगी।

मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों के बीच-बचाव कर उन्हें अलग कर दिया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा लोहे का पाइप लेकर आया और कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से पीछे से भूपेन्द्र शर्मा के सिर पर वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल भूपेन्द्र शर्मा को पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हमीदिया अस्पताल, भोपाल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं।

पुलिस ने आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार उर्फ कृष्ण स्वरूप शर्मा (32), निवासी ग्राम खुरई थावरी, थाना सुरखी, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर जब्त कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित