नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- वेनेज़ुएला में विनाशकारी भूकंप के बाद ऑपरेशन अमिस्ताद के अंतर्गत मानवीय सहायता एवं आपदा राहत मिशन के लिए गया भारतीय दल सफल अभियान के बाद शुक्रवार को स्वदेश लौट आया।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति सुश्री देल्सी एलोइना रोड्रिगेज गोमेज़ ने भारत द्वारा समय पर की गयी सहायता, सहयोग और एकजुटता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद किया।

भारतीय वायु सेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमान गत 26 जून को वेनेज़ुएला के लिए भारतीय सेना की 60 पैरा फील्ड अस्पताल इकाई के 41 सदस्यीय दल को लेकर रवाना हुए थे। इस दल में शल्य चिकित्सक, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, अस्थि शल्य चिकित्सक, दंत चिकित्सक एवं अन्य चिकित्सक, पैरामेडिकल कर्मचारी तथा सहायक कर्मी शामिल थे। इसके साथ ही दो भीष्म क्यूब, जो त्वरित आपदा प्रतिक्रिया के लिए विकसित अत्याधुनिक मॉड्यूलर एवं पोर्टेबल मोबाइल मिनी अस्पताल हैं, 6 टन आवश्यक दवाइयाँ एवं चिकित्सीय उपकरण तथा 30 टन आपातकालीन राहत सामग्री, जिसमें तंबू, सौर लैंप, पोर्टेबल जल शोधक और जनरेटर सेट शामिल थे, भी भेजे गए।

ऑपरेशन अमिस्ताद वेनेज़ुएला की सरकार के साथ घनिष्ठ समन्वय में संचालित किया गया, जिसके सहयोग और सुविधा के कारण भारतीय सेना के फील्ड अस्पताल की त्वरित तैनाती और प्रभावी संचालन संभव हो सका। तैनाती के दौरान फील्ड अस्पताल ने भूकंप से प्रभावित सैकड़ों लोगों को महत्वपूर्ण सहायता और उपचार प्रदान किया तथा 8000 से अधिक चिकित्सीय प्रक्रियाएं और प्रयोगशाला जांच कीं, जिनमें 20 से अधिक प्रमुख शल्य क्रियाएँ शामिल थीं।

सरकार इस मिशन के दौरान भारतीय दल को प्रदान की गयी सहायता और सहयोग के लिए वेनेज़ुएला की सरकार के प्रति अपनी हार्दिक सराहना व्यक्त करती है। ऑपरेशन अमिस्ताद भारत और वेनेज़ुएला के बीच स्थायी मित्रता और एकजुटता को रेखांकित करता है तथा "वसुधैव कुटुम्बकम्" - "विश्व एक परिवार है" - की भावना के अनुरूप कठिन समय में साझेदार देशों के साथ दृढ़तापूर्वक खड़े रहने की भारत की अटूट प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित