कराकास , जून 29 -- वेनेजुएला में आये दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद बचाव अभियान के महत्वपूर्ण 72 घंटे पूरे हो गये हैं और इस बीच मृतकों की संख्या बढ़कर 1,450 से अधिक हो गयी है।

इस त्रासदी में लगभग 200 इमारतें पूरी तरह ढह गयी हैं। बचाव दल अब भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।

फ्रांस और अमेरिका के बचाव दलों ने रविवार को खोजी कुत्तों की मदद से कराकास से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर स्थित काराबाल्लेदा कस्बे में मलबे के नीचे दबे एक व्यक्ति और उसके किशोर पुत्र को जीवित बाहर निकाला।

इस सफलता ने राहत कार्यों के बीच उम्मीद की एक किरण जगायी, हालांकि हजारों लोग अब भी लापता हैं और प्राकृतिक आपदाओं में मलबे में फंसे लोगों को जीवित निकालने के लिए सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले 72 घंटे पूरे हो चुके हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, प्राकृतिक आपदा के बाद शुरुआती 72 घंटे जीवित लोगों को बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इसके बाद बचाव अभियान प्रायः शवों की तलाश तक सीमित हो जाता है।

आशंका है कि लाखों लोग स्वच्छता, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। लैटिन अमेरिका की सबसे भीषण भूकंप त्रासदियों में शामिल इस आपदा के बाद अमेरिका, मैक्सिको तथा अन्य देशों के बचाव दल राहत कार्य में जुटे हैं, जबकि स्थानीय लोग भी अपने परिजनों की तलाश में हाथों से मलबा हटाने में लगे हैं।

राष्ट्रीय विधानसभा के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने रविवार को बताया कि बुधवार शाम आये 7.2 और 7.5 तीव्रता के लगातार दो भूकंपों में 774 इमारतें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें से 189 पूरी तरह ढह गयीं। श्री रोड्रिगेज के अनुसार, 1450 मृतकों के साथ-साथ 3150 लोग घायल भी हुए हैं।

राहत एवं बचाव कार्य जारी रहने के बीच ला गुआइरा में लूटपाट की घटनाएं भी सामने आयी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार दवा दुकानों, सुपरमार्केट और अन्य प्रतिष्ठानों में लूटपाट हुई है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से राहत सामग्री और सहायता बहुत धीमी गति से तथा अपर्याप्त मात्रा में पहुंच रही है।

इस बीच, राहत-बचाव कार्य के तहत कराकास के सैन बर्नार्डिनो इलाके में स्वयंसेवक ड्रिल मशीनों की मदद से कंक्रीट तोड़कर और हाथों से मलबा हटाकर तलाश अभियान चला रहे हैं। राजधानी के चाकाओ क्षेत्र में सामान्यतः विज्ञापनों के लिए इस्तेमाल होने वाली बड़ी इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन पर लापता लोगों की तस्वीरें प्रदर्शित की जा रही हैं।

कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने रविवार को एक राष्ट्रपति आयोग की घोषणा की जो असुरक्षित इमारतों की जांच करेगा। इसके बाद उन्होंने कहा, " बचाव और राहत कार्य जारी हैं। आज हमें कुछ लोग जीवित मिले हैं, इसलिए अभियान रोके नहीं जा रहे हैं। हम हमेशा उम्मीद बनाये रखते हैं।"अपने कई मंत्रियों के साथ मौजूद सुश्री रोड्रिगेज ने कहा कि स्कूल एक और हफ़्ते के लिए बंद रहेंगे तथा ला गुएरा में बिजली आपूर्ति को 75 प्रतिशत क्षमता तक बहाल कर दिया गया है।

सरकार ने सैकड़ों लोगों के लापता या फंसे होने की जानकारी दी है, लेकिन रविवार को देश के राजनीतिक विपक्ष से संबंधित एक वेबसाइट पर 50,000 से कुछ कम लोगों को लापता की सूची में शामिल किया गया था। यह संख्या एक दिन पहले के 55,000 लोगों की तुलना में थोड़ी कम है।

संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने कहा कि जनसंख्या और क्षति के आकलन के आधार पर लगभग 67.6 लाख लोग इस आपदा से प्रभावित हो सकते हैं, जिन्हें आश्रय, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक राहत सामग्री की जरूरत होगी। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार भूकंप से लगभग 6.7 अरब डॉलर (करीब 5.8 अरब यूरो) की भौतिक क्षति हुई है, जो वेनेजुएला की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग छह प्रतिशत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित