अहमदाबाद , फरवरी 25 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बुधवार को वडनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।

श्री वेद प्रकाश ने निरीक्षण के दौरान रिले रूम, रूट रिले इंटरलॉकिंग (आआरआई), मास्टर केबिन, बुकिंग काउंटर, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म एवं कैफेटेरिया सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये, ताकि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि वडनगर स्टेशन पर रेल डिब्बों में पानी भरने के लिए कोच वाटरिंग सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है। इस सुविधा के शुरू होने से ट्रेनों में वडनगर स्टेशन से ही पानी भरा जा सकेगा, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्टेशन पर जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की तथा स्टेशन के समीप स्थित रेलवे क्रॉसिंग को चौड़ा करने की उनकी मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर महेसाणा-वरेठा सेक्शन के वरेठा रेलवे स्टेशन पर अंबाजी नयी लाइन परियोजना के अंतर्गत महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक कार्य के सफल समापन की जानकारी दी गयी। यह कार्य आबूरोड-तारंगा हिल नयी लाइन रेलखंड की भविष्य की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वरेठा स्टेशन पर मुख्य लाइन पर स्थित पुराने डेड एंड ट्रैक को हटाकर नई एलाइनमेंट पर स्थानांतरित किया गया तथा उसे नयी बिछाई गयी लाइन से जोड़ा गया। संशोधित यार्ड लेआउट के अनुसार नयी डेड एंड लाइन की भी व्यवस्था की गयी है, जिससे भविष्य में तारंगा हिल दिशा में मुख्य लाइन विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

यह समस्त कार्य दो दिवसीय ब्लॉक के दौरान सुरक्षित एवं योजनाबद्ध तरीके से संपन्न किया गया। इस दौरान रेल कटिंग, डेड एंड ट्रैक हटाना एवं शिफ्टिंग, नयी लाइन से लिंकिंग, ग्लूड जॉइंट निर्माण, वेल्डिंग, बैलेस्टिंग, पैकिंग, क्रॉसओवर की मशीन टैम्पिंग तथा अन्य आवश्यक ट्रैक समायोजन कार्य किये गये। विद्युत (टीआरडी) विभाग द्वारा ओएचई वायरिंग हटाने एवं पुनः वायरिंग, एटीडी शिफ्टिंग/कटिंग, बॉन्डिंग कार्य तथा टॉवर वैगन से निरीक्षण किया गया। टर्नआउट क्षेत्र क्लियर होने के पश्चात सिग्नल एवं दूरसंचार (एस एन्ड टी) विभाग द्वारा प्वाइंट परीक्षण, पुनः संयोजन एवं कमीशनिंग कार्य प्रगति पर है।

इस परियोजना से भविष्य में आबूरोड-तारंगा हिल रेलखंड की सुदृढ़ कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध होगी। साथ ही अंबाजी एवं तारंगा हिल क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय व्यापार एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। बेहतर यार्ड संरचना एवं तकनीकी उन्नयन से ट्रेनों के संचालन में सुगमता आएगी तथा समयपालन में भी सुधार होगा।

उल्लेखनीय है कि गुजरात के महेसाणा जिले में स्थित वडनगर गांव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्म स्थान और यहां वडनगर पुरातात्विक अनुभव आधुनिक संग्रहालय विज्ञान का प्रमाण है। इस संग्रहालय के परिसर में तीन मुख्य संरचनाओं में संग्रहालय का मुख्य भवन, उत्खनन स्थल पर स्थाई इमारत और इन दोनों को जोडने वाला पचास मीटर लंबा पुल शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित