रायपुर/सक्ती , अप्रैल 15 -- छत्तीसगढ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पॉवर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट हादसे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच समिति का गठन किया है। इस हादसे में कई मजदूरों की मौत तथा 50 से अधिक मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिसे गंभीरता से लेते हुए पार्टी ने त्वरित कदम उठाया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में समिति गठित की गई है। इस समिति में नोबेल वर्मा, रामकुमार यादव, अटल श्रीवास्तव, बालेश्वर साहू, राघवेन्द्र सिंह, व्यास कश्यप, शेषराज हरवंश, रश्मि गबेल और राजेश अग्रवाल को सदस्य बनाया गया है। समिति में पूर्व मंत्री, विधायक तथा जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी शामिल हैं।
जारी निर्देश के अनुसार समिति के सभी सदस्यों से कहा गया है कि वे शीघ्र ही प्रभावित क्षेत्र का दौरा करें। दौरे के दौरान पीड़ित मजदूरों, उनके परिजनों, स्थानीय ग्रामीणों तथा पॉवर प्लांट प्रबंधन से चर्चा कर घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी लें। इसके बाद विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपा जाएगा।
पार्टी का कहना है कि इस जांच के माध्यम से हादसे के कारणों, सुरक्षा मानकों की स्थिति और संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। वहीं, प्रशासन और संबंधित एजेंसियों द्वारा भी अपने स्तर पर जांच और राहत कार्य जारी होने की जानकारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित