रायपुर , अप्रैल 15 -- ) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता ऊर्जा संयंत्र हासदे में मरने वालों की संख्या बढ़कर बुधवार को 20 हो गयी।

प्रशासन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार मृतकों में पांच लोग छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि 15 अन्य राज्यों से संबंधित बताए जा रहे हैं। हादसे में घायल 15 लोगों का प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पांच एयर एम्बुलेंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है। साथ ही जरूरत पड़ने पर मरीजों को हैदराबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में भेजने की तैयारी भी की गयी है।

घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। वहीं हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

मृतकों के पार्थिव शरीरों को उनके गृहग्राम भेजने की प्रक्रिया जारी है। सक्ती जिले के मृतकों में से दो का अंतिम संस्कार किया जा चुका है, जबकि अन्य राज्यों के मृतकों के शवों को एम्बुलेंस के माध्यम से उनके परिजनों तक पहुंचाया जा रहा है।

वेदांता प्रबंधन ने हादसे में मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों को 15-15 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए तथा घायलों को 50 -50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है।

श्री साय ने कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित