रायपुर , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता ऊर्जा संयंत्र में बॉयलर विस्फोट की घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि राज्य सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

श्री बैज ने मंगलवार को कहा कि डभरा थाना क्षेत्र में हुए इस विस्फोट में नौ श्रमिकों की मौत और 50 से अधिक के घायल होने की घटना "हादसा नहीं, हत्या" है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन और प्रशासन की लापरवाही के कारण यह त्रासदी हुई है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और घायलों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की, साथ ही न्यायिक जांच कराए जाने और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में औद्योगिक सुरक्षा की स्थिति बेहद खराब है और हाल के महीनों में रायपुर और बलौदाबाजार सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में हुए हादसे इसकी पुष्टि करते हैं। बैज के अनुसार प्रारंभिक तथ्यों में बिना सुरक्षा उपकरणों के काम, जोखिम भरी परिस्थितियों में संचालन और मानकों की अनदेखी जैसे गंभीर मुद्दे सामने आते रहे हैं। उन्होंने सभी औद्योगिक इकाइयों में व्यापक सुरक्षा ऑडिट कर सख्ती से नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने प्रशासन को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि इस घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित