सक्ती , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता ऊर्जा संयंत्र में हुए विस्फोट के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की कमान संभाली। प्रशासन ने एम्बुलेंस, चिकित्सा दल और आवश्यक संसाधनों को तत्काल सक्रिय करते हुए घायलों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि राहत और उपचार कार्यों में किसी प्रकार की कमी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित