अलवर, अप्रैल 13 -- राजस्थान के भिवाड़ी स्थित चौपांकी औद्योगिक क्षेत्र के सुप्राजीत इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी में कर्मचारियों द्वारा वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने का मामला सामने आया है। अपनी मांगो को लेकर सड़क पर उतरे श्रमिकों के बाद उग्र प्रदर्शन के बाद उनको हटाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया व डंडे बरसाए ।

इस दौरान कुछ श्रमिकों को हिरासत में लिया गया है पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लगातार वार्ताओं का दौर जारी है श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल औद्योगिक इकाई के प्रबंधन से बात कर रहा है और जल्द ही उनकी समस्या का समाधान निकलेगा जाएगा।

भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि भिवाड़ी के पथरेडी स्थित चौपानगी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुप्राजीत लिमिटेड औद्योगिक इकाई में केबल बनाने का काम होता है। कंपनी में काम करने वाले श्रमिक वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर सुबह अचानक धरने पर बैठ गए। इस दौरान कुछ श्रमिक धरना स्थल से उठकर सड़क पर आने लगे और सड़क जाम करने लगे। इन आंदोलनकारी श्रमिकों में महिला श्रमिक भी शामिल है।

आंदोलन की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उनको समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने उनको जाम लगाने से रोका। इस दौरान हंगामा कर रहे कुछ श्रमिकों को हिरासत में लिया गया है।

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल औद्योगिक इकाई प्रशासन से बातचीत कर रहा है. लगातार बातचीत का दौर जारी है। इस बीच भारी सुरक्षा बल मौके पर तैनात किया गया है। सड़क पर बैठे श्रमिकों को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया व डंडे बरसाए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस घटना के वीडियो बनाए, तो इस पर पुलिस कर्मी उनसे बहस करते हुए भी दिखाई दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित