भोपाल , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश की राजधानी के शासकीय जयप्रकाश जिला अस्पताल (जेपी अस्पताल) में वेतन और स्टाइपेंड के भुगतान में देरी से नाराज तीन डॉक्टरों की भूख हड़ताल गुरुवार को भी जारी रही। डॉक्टर 21 अक्टूबर से अस्पताल परिसर में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि एक महीने का वेतन जारी करने का आश्वासन मिलने के बावजूद उन्हें पूरी राशि नहीं मिली है।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बरथरे ने बताया कि बुधवार को सिविल सर्जन की ओर से आए प्रतिनिधिमंडल ने एक महीने का वेतन जारी करने की बात कही थी, लेकिन खाते में राशि आने के बाद जांच करने पर पूरा भुगतान नहीं मिला। डॉक्टरों का कहना है कि वेतन में कटौती कर राशि दी गई है।
डॉ. बरथरे के अनुसार, उनके और पीजीएमओ (ऑर्थोपेडिक्स) डॉ. रविंद्र पाल के करीब तीन महीने के वेतन का भुगतान लंबित है। वहीं, पीजी छात्र डॉ. शुभम कश्यप का पांच महीने का स्टाइपेंड बकाया है। उन्होंने पिछले तीन वर्षों में स्टाइपेंड वृद्धि का एरियर भी नहीं मिलने की बात कही है।
डॉक्टरों ने बकाया भुगतान जल्द जारी करने तथा वेतन में कथित कटौती और भुगतान में देरी के कारण स्पष्ट करने की मांग की है। मामले में अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित